"चलो अच्छा हुआ, जो तुम मेरे दर पे नहीं आए / तुम झुकते नहीं, और मैं चौखटें ऊंची कर नही पाता !"
Saturday, September 18, 2010
ये ब्लागदुनिया है ............ इसका दस्तूर निराला है !!!
मैं लिखता हूँ
अच्छा या बुरा
नहीं जानता
कोशिश करूं
संभव नहीं
जान पाना
अच्छाई - बुराई
खुद की
कुछ दिनों से
महसूस हुआ
कुछ अजब सा
कोशिश की
जानने-समझने की
क्या समझा !
शायद बर्चस्व की
लड़ाई चल रही थी
कुछ लोग आपस में
लड़ रहे थे
नंबरों की दौड़ में
कोई आगे तो कोई पीछे
चल रहे थे
पर मैं उनके साथ
नहीं था लड़ाई में
मुझे कुछ लेना-देना
भी नहीं था
लड़ाई के साथ
पर क्या करता
सिस्टम का अंग तो था
शायद इसलिए ही
उन्होंने मुझे भी
लड़ाई का हिस्सा समझ
झटकना शुरू कर दिया
मुझे लगा
लोग बेवजह ही
मुझे भी अपने साथ
समझ रहे हैं
और लड़ने-भिड़ने का
भरपूर प्रयास कर रहे हैं
क्या करता
कोई रास्ता नहीं था
मैंने चाल बदली
रफ़्तार बदली
उस दौड़ से
बर्चस्व की लड़ाई से
दरकिनार किया खुद को
अब सुकूं से
चल रहा हूँ
बढ़ रहा हूँ
चाल अपनी है
रफ़्तार अपनी है
कछुवे-सी ही सही
क्या फर्क !
अब न कोई साथ
न कोई पीछे
सब के सब आगे
बहुत आगे ही दौड़ रहे हैं
और मैं
अपनी मस्ती में
मदमस्त सा
बढ़ रहा हूँ
ये ब्लागदुनिया है
इसका दस्तूर निराला है !!!
Friday, September 17, 2010
"बहु-कम-नौकरानी"
... बात दर-असल यह है कि एक तो बैंक में मैनेजर है, दूसरा कालेज में प्रोफ़ेसर है और तीसरा स्टेशन मास्टर है ... तीनों ठीक हैं सुख - शान्ति से रहेगी, फिर इतना संकोच क्यों ... अरे यार तीनों के तीनों स्ट्रगलर नहीं लग रहे ... क्या मतलब है तेरा, खुल कर बोल ... मेरा मतलब ये तीनों क्या कमाएंगे और क्या खिलाएंगे, तीनों के तीनों फंटूस लग रहे हैं और तीनों में कोई ग्लैमर भी नजर नहीं आ रहा है ... देख यार खाने - कमाने का तो ऐसा है तीनों का जाब एवरेज है मेरा मतलब ठीक-ठाक ही है, रही बात ग्लैमर की, उसे तू पूरा कर देना ...
... ग्लैमर की कमी जब मुझे ही पूरी करनी है तो इन डिसीप्लीन टाईप के लोगों के साथ शादी करने का क्या औचित्य है ... क्या मतलब है तेरा ... सीधा-सीधा मतलब है शादी के बाद मुझे इनके घर में "बहु-कम-नौकरानी" की भूमिका निभानी पड़ेगी, सुबह से शाम तक कचर-कचर, और जब दिन भर की थकान रहेगी तो रात को भी बस जैसे-तैसे, अब ये बता इस रूटीन में ग्लैमर कहाँ होगा ? सीधे शब्दों में कहूं तो मेरी वाट लग जायेगी !! ... अरे यार तू बिलकुल सही सोच रही है, इस मसले पर मैंने तो कभी सोचा ही नहीं ... वही तो सोच रही हूँ क्या किया जाए ...
... सोच सोच बिलकुल सही सोच रही है आखिर भविष्य का सवाल है, न सिर्फ तेरे वरन मेरे भी, चल अच्छा हुआ समय रहते तूने मेरे कान खोल दिए ... यार करिश्मा ये बता अपन लोग मिडिल क्लास फैमिली से हैं कोई करोड़पति - अरबपति लड़का भी शादी के लिए नहीं मिलेगा, फिर क्या किया जाए, तू भी तो दिमाग लगा ... यार आज-कल भ्रष्टाचार का बहुत बोल-बाला है करोड़ों - अरबों के घोटाले चल रहे हैं ...
... ( तीन-चार मिनट सोचने के बाद प्रियंका बोली ) यार बिलकुल सही आइडिया दिया तूने "अदभुत-यार-अदभुत" ... कैसे बता ना यार ... किसी ऐसे विभाग के लडके को पसंद करते हैं जहां भ्रष्टाचार-ही-भ्रष्टाचार हो, करोड़ों - अरबों, यार मौजे-ही-मौजे रहेंगे और ग्लैमर-ही-ग्लैमर, क्या बोलती तू ... क्या मैं बोलूं ! झकास आइडिया है यार झकास ... चल आज इस शानदार आईडिया को सिलेबरेट किया जाए ... यार सिलेबरेशन तो हो ही जाएगा, अपन दोनों की शादी होने तक अब ये दुआ भी करनी पड़ेगी कि दूसरी लड़कियां भी अपने टाईप न सोचने लगें ... हाँ यार अपना आईडिया कहीं ... चल छोड़ ना यार अपने जैसे लाखों में एक-दो ही होते हैं ... !!
Thursday, September 16, 2010
नक्सलवाद,स्वामी अग्निवेश,छत्तीसगढ़ मीडिया ... विवाद क्यों ?
टीका-टिप्पणी का दौर जब शुरू हो ही गया है तो यह उल्लेख करना भी आवश्यक है कि किस मुद्दे पर टकराहट की स्थिति निर्मित हुई है ... हुआ दर-असल यह है कि "नक्सलवाद" की समस्या से सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ जूझ रहा है और स्वामी अग्निवेश एक ऐसा व्यक्तित्व जो नक्सलवाद को शान्ति वार्ता के माध्यम से सुलझाने के पक्षधर हैं जो विगत दिनों शान्ति यात्रा पर छत्तीसगढ़ भ्रमण पर थे ... भ्रमण के दौरान उन्हें "छत्तीसगढ़ मीडिया " से असहजता महसूस हुई तथा नक्सली मुद्दे पर विरोध के स्वर भी सुनने पड़े ...
... इसी सन्दर्भ में स्वामी अग्निवेश ने राष्ट्रीय साहित्यिक पत्रिका हंस में प्रकाशित लेख में अपना आक्रोश झुंझलाहट में प्रगट करते हुए छत्तीसगढ़ मीडिया को "उद्धोगपतियों के दलाल तथा मुख्यमंत्री के समजाए हुए" हैं की संज्ञा देते हुए बिका हुआ घोषित कर दिया ... धन्य हैं स्वामी जी, जो झुंझलाहट में आपा ही खो बैठे ... अब प्रश्न यह उठता है कि जो व्यक्तित्व नक्सली उन्मूलन की दिशा में शान्ति वार्ता का पक्षधर हो, इस तरह ऊल-जलूल प्रतिक्रया जाहिर कर रहा हो, क्या वह शान्ति वार्ता के लिए उपयुक्त हो सकता है ?
इस टीका-टिप्पणी व विवाद की जड़ है नक्सली समस्या, इसलिए मूल मुद्दे पर चर्चा भी लाजिमी है इस मुद्दे पर मेरा मानना तो यह है कि देश में व्याप्त नक्सली समस्या किसी गाँव विशेष में चल रही छोटी-मोटी समस्या नहीं है जो बैठकर शान्ति वार्ता से सहजता से सुलझ जाए ... साथ ही साथ यह कहना अतिशयोक्तिपूर्ण नहीं होगा कि नक्सलवाद का अंदरूनी रूप से व्यवसायीकरण हो गया है !! ... यह मुद्दा शान्ति वार्ता से सुलझने के दायरे से काफी आगे निकल गया जान पड़ता है इसके समाधान के लिए ठोस व कारगर नीति - रणनीति ही सार्थक व सफल सिद्ध हो सकती है !
Wednesday, September 15, 2010
... जय जय लोकतंत्र !!!
यह खेल कोई लुके-छिपे नहीं चल रहा वरन खुल्लम-खुल्ला चल रहा है ... चल भी इसलिए रहा है क्योंकि सभी मिलकर चला रहे हैं, जिस काम को सिस्टम के सभी मठाधीश मिलकर चलायें भला उसे कोई कैसे रोक सकता है, अगर कोई रोकने का दुस्साहस करे भी तो क्या फर्क पड़ता है ... वह दुस्साहस कर समाधान के लिए किसी न किसी के सामने तो जाएगा, अब जिसके सामने जाएगा ... वह भी उसी सिस्टम का हिस्सा है, आश्वासन मिलेगा और मिलते रहेगा ... इतनी देर तक आश्वासन मिलते रहेगा जब तक दुस्साहसी का साहस ठंडा न पड़ जाए ... ये तो सभी जानते हैं कि जब जोश ठंडा पड़ जाता है तो इंसान बड़े-से-बड़े गुनाह को - गुनाहगार को माफ़ कर देता है, यह एक मानवीय नेचर है।
समस्या, समस्या के खिलाफ आवाज, समाधान के लिए आश्वासन पर आश्वासन ... देर-सबेर समस्याओं का ठंडा बस्ता, आखिर कब तक ठंडा बस्ता बनता रहेगा, कब तक आम नागरिकों की आवाज सिस्टम के लचर-पचर, लुंज-पुंज रबईये में गुम होते रहेगी ... लोकतंत्र, प्रजातंत्र, जनतंत्र का क्या यही मतलब है कि चलने दो, चलने दो, जो चल रहा है उसे चलने दो ... आखिर कब तक यह रबैय्या चलता रहेगा, कब तक हम लोकतंत्र की चक्की में पिसते रहेंगे ... या फिर किसी दिन जिनके हांथों में लोकतंत्र की बागडोर है वे खुद ही लोकतंत्र की गिर रही गरिमा को संभालेंगे ... पर ऐसा कब होगा ... क्या हम सच्चे लोकतंत्र को देख पायेंगे !!!
... ( फोन की घंटी बजी ... नींद से जागते हुए ... तकिये से मुंह निकालते हुए ... कालर आई-डी पर नंबर देखते हुए ) ... हाँ भईय्या प्रणाम ... क्यों शाम को पांच बजे तू सो रहा है ... सो रहा हूँ , नहीं भईय्या मैं तो भाषण दे रहा था ... कहाँ भाषण दे रहा है तेरी आवाज सुनकर तो ऐसा लग रहा है जैसे बिस्तर पर पडा है और नींद में है ... नहीं भईय्या मैं तो दिल्ली में गांधी आडिटोरियम हाल में "लोकतंत्र" पर भाषण दे रहा था ... होश में आ दो घंटे पहले तो तू मुझसे मिलकर गया है फिर दिल्ली कैसे पहुँच जाएगा ... ( भईय्या की बातें सुनकर करेंट सा आया ... खुद को झंकझोरते हुए देखा तो घर के बिस्तर पर देखा ) ... अरे भईय्या आप सच कह रहे हो शायद मैं सपना देख रहा था ... मतलब अब तुम सपने में भी गुल खिलाने लगे हो ... नहीं भईय्या, आज सपना ही सही कल हकीकत में होगा, आज मैंने "लोकतंत्र" पर जो भाषण दिया है अच्छे-अच्छों की बैंड बजा कर रख दी थी, मगर अफसोस ये सब सपने में चल रहा था ...खैर कोई बात नहीं तू निराश मत हो मुझे पता है तू एक दिन "लोकतंत्र " का सच्चा रूप सामने ला कर ही रहेगा ... हाँ भईय्या एक दिन ऐसा ही होगा जय जय लोकतंत्र ... जय जय लोकतंत्र !!!
... जी सर "हैप्पी हिन्दी दिवस" !!!
... सर कल १४ सितम्बर है ... तो क्या हुआ, होने दो, अपने को क्या लेना-देना, एक काम करो तुम उस "गाडी" को अभी दो घंटे में मेरे पास भिजवा दो मुझे उसे लेकर जंगल घूमने जाना है ... सर कौन सी "गाडी" ! ... अरे वही वाली जिसे तुमने पिछले हफ्ते दौरे के समय सर्किट हाऊस भिजवाया था ... (तनिक सोचने के बाद ) अरे हाँ सर आपका मतलब उस "गाडी" से है ... हाँ हाँ उसी से है, बहुत लक्जरी "गाडी" है ...
... सर उसे छोडो, उसे तो मैं भिजवा ही दूंगा किन्तु चार-पांच दिन के बाद ही भेज पाऊंगा ... क्यों, क्या हो गया ... सर अभी एक घंटा पहले ही उसे बुलवा रहा था पर वह अभी गैरेज में पडी है कम से कम तीन दिन तो लग ही जायेंगे ठीक होने में, सर कल १४ सितम्बर है "हिन्दी दिवस" ... अरे पहले क्यों नहीं बताया ... सर वही तो बताने की कोशिश कर रहा हूँ पर आप हो कि सुनते ही नहीं हो ...
... ये तो एक नई समस्या आ गई "हिन्दी दिवस" ... करो कुछ करो, कहीं कुछ लेने के देने न पड़ जाएँ ... वही तो कह रहा हूँ सर आप ठहरे विभाग के मंत्री और मैं विभाग का सर्वे-सर्वा ... एक काम करो, तुम मेरे पास आओ और बैठ कर कुछ प्लान बनाओ ... ठीक है सर कुछ न कुछ तो करना ही पडेगा, बस पंद्रह मिनट में पहुँच रहा हूँ सर ... (फोन डिस्कनेक्ट ) ...
... (पंद्रह मिनट बाद ) हाँ सर हाजिर हूँ बताएं क्या करना है ... अबे "सुपर माडल" तू मुझसे पूछ रहा है क्या करना है तू नहीं जानता क्या, मुझे "हिन्दी" से "एलर्जी टाईप" की कुछ बीमारी है मैंने मुख्यमंत्री से कितना कहा कि मुझे इस समस्या में मत फंसाओ, कोई सुनता ही नहीं अब क्या बोलूँ तू तो जानता है मुझे "हिन्दी" न तो लिखना आता है और न ही पढ़ना, तुम लोग के भरोसे काम चल रहा है, कुछ सोचो मुंह दिखाते हुए मत बैठे रहो, और हाँ ये हिन्दी-विन्दी दिवस बंद करने का कोई उपाय सूझे तो उसे पहले बताना ... जी सर ...
... सर कल आपका एक प्रोग्राम रख लेते हैं जिसमें आप "हिन्दी दिवस" पर पांच मिनट का भाषण बोलेंगे, बाकी सब मैं संभाल लूंगा आपको सिर्फ पांच मिनट संभालना है ... अरे मेरे "कोहिनूर हीरे" मुझे क्यों फंसा रहा है इस पांच मिनट के लफड़े में और भला मैं कैसे हिन्दी में भाषण दे पाऊंगा ... कुछ तो करना ही पडेगा सर ... एक काम करो वो दिया-अगरबत्ती जलाने तथा फूल-माला पहनाने का काम मुझे करने दो बाकी सब तुम कर लेना ... भाषण ... वो भी तुम पढ़ देना मेरी ओर से ...
... मैं धन्य हो गया सर क्या बुद्धि पाई है आपने ... अरे ऐसे वैसे ही मंत्री थोड़े ही बन गए हैं, ठीक है सब फायनल हो गया ... जी सर बिलकुल फायनल है ... एक काम और करना प्रोग्राम देखने वालों में पंद्रह-बीस अपने चेले-चपाटों को भी बैठाल देना जो समय समय पर तालियाँ ठोकते रहें ... जी सर ...
... (दूसरे दिन ) हिन्दी दिवस कार्यक्रम स्टार्ट ... तालिओं-पे-तालियाँ ... प्रोग्राम संपन्न ... खूब वाह वाही ... (शाम को पुन: मुलाक़ात के क्षण ) ... सर आज तो कमाल हो गया मीडिया वालों ने चार चाँद लगा दिए प्रोग्राम में, दिन भर चर्चा-ही-चर्चा है चारों तरफ आपका ही जय जय कारा है ... ये हुई न बात ... सर एक बात समझ में नहीं आई की ये मीडिया वाले ... अरे तू छोड़ उसको ये बता आजकल क्या "मैनेज" नहीं होता ... मान गए सर आपको और आपके "मैनेजमेंट" को ...
... अरे सुन आज "हिन्दी दिवस" है समझ रहा है मेरा मतलब ... नहीं सर ... तू बस "माडलिंग" करते रह, कान इधर ला कोई सुन न ले, आज हम हिन्दी दिवस को ही सिलेब्रेट करेंगे समझ गया ... जी जी जी ... आज हिन्दी, बिलकुल देसी ... सर सर हाँ सर समझ गया ... अब तू तो जानता है सुबह से ही सब "मैनेजमेंट" हो रहा है कुछ असल में हिन्दी दिवस भी हो जाए ... जी सर ... एक काम कर आज दोनों मिलकर साथ-साथ सिलेब्रेट करते हैं "हिन्दी दिवस" ... सर हो जाएगा ... अब क्यों खामोश खडा है जा इंतजाम में लग जा ... सर मैं ये सोच रहा हूँ हमारे जैसे लोग रहेंगे तो क्या होगा "हिन्दी" का ... ज्यादा इमोशनल मत बन एक नारा याद रख हैप्पी हिन्दी ... हैप्पी "हिन्दी दिवस" ... जी सर "हैप्पी हिन्दी दिवस"!!!