Thursday, September 9, 2010

अंतिम साँसें ...

लोकतंत्र और आजादी
दोनों इस आस में, खड़े थे
कि -
मीडिया रूपी, अंतिम साँसें
उन्हें, संजो लेंगे, बचा लेंगे !

पर क्या करें
कब तक चलतीं
अंतिम साँसें
कभी तो उखड़ना था
चलो आज ही सही !

अंतिम साँसें
जिन पे आस थी
विश्वास की अंतिम डोर थी
टूट गई डोर
बिखर गई आस
बिक गईं, बिकना ही था
आजादी की, अंतिम साँसों को !

खरीददार जो खड़े थे
कुछ बिक रहे थे
कुछ खरीदे जा रहे थे
फिर कौन
रोक सकता था
बिकने से
अंतिम साँसों को !

बिक गईं
सचमुच बिक गईं
अंतिम साँसें !

क्या करते
कोई दूजा विकल्प
भी नहीं था
बिकने के सिवाय !!

पर बिकने का सिलसिला
रुका नहीं
एक के बाद एक
सब बिकते चले गए
सारी की सारी
अंतिम साँसें, बिक चुकी थीं !

शायद अब
आजादी भी
लोकतंत्र की भांति
निढाल हो, देख रही थी
उसे जीवित रखने वाली
अंतिम साँसों को
बिकते हुए !!!

... भईय्या रुको एक मिनट ... मैं तत्काल आके बताता हूँ !!!!!!!!

ब्लागिंग बंद कर दो !
क्यों, क्या हो गया !

अब ब्लागिंग का कोई औचित्य नहीं है !
क्यों, किसलिए !

अब इसमें पूछने वाली क्या बात है !
जब तक आप बताओगे नहीं तो कैसे पता चलेगा !

भईय्या अब इसमें पूछने, बताने वाली क्या बात है, क्या आप को नहीं दिख रहा !
क्या भईय्या, हमें कुछ नहीं दिख रहा !

क्या तुम्हे नहीं दिख रहा की क्या हो रहा है ब्लागजगत में !
हम ठहरे नौसिखिया, हमें कुछ दिखता नहीं है, दिखता भी है तो कुछ समझ नहीं आता !

अरे ऐसा बोलो की सब मूकबधिर हो गए हो !
नहीं भईय्या, हम मूकबधिर नहीं हुए हैं !!!

अरे हाँ, बुद्धिजीवी लोग हैं, संभव ही नहीं है !!!
सीधा सीधा बोलो, क्या बोलना चाहते हो !

अब मैं कौन होता हूँ, बुद्धिजीवी वर्ग के बारे में बोलने वाला !!
नहीं नहीं बताओ, क्या बोलना चाहते हो !

अरे भाई, मैं कुछ बोलना नहीं चाहता, जानना चाहता हूँ !
क्या जानना चाहते हो !!

अरे भाई मैं सिर्फ इतना जानना चाहता हूँ कि क्या अब ब्लागजगत में अच्छे लेखन की क़द्र ख़त्म हो गई है जो कुत्ते-बिल्ली-चूहे की फोटो, जन्मदिन की खबरें, बच्चों के ब्लॉग, बच्चों की फोटोज, बच्चों की पेंटिंग्स, या फिर जो एक-दूसरे की पींठ खुजा रहे हैं उनकी पोस्टें ही हिट होंगी ???????
... भईय्या रुको एक मिनट ... मैं तत्काल आके बताता हूँ !!!!!!!!

Wednesday, September 8, 2010

" श्रेष्ठ समाजसेवी "

प्रदेश में समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ठ कार्य के लिए "श्रेष्ठ समाजसेवी " पुरूस्कार का प्रस्ताव रखा गया, सर्वसम्मति से प्रस्ताव मंत्रिमंडल में पारित भी हो गया, एक समीति भी गठित कर दी गई ... अब वर्ष के "श्रेष्ठ समाजसेवी " के चयन को लेकर समीति की बैठक चल रही थी, अगले ही महीने राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर "श्रेष्ठ समाजसेवी " पुरूस्कार का वितरण किया जाना था ...

... बैठक में घमासान मचा हुआ था कि फला खिलाड़ी, फला साहित्यकार, फला समाजसेवी संस्था के प्रमुख, फला उधोगपति, फला कलाकार का कार्य इस वर्ष श्रेष्ठ व उल्लेखनीय रहा है ... पर किसी एक नाम पर सर्वसम्मति नहीं बन पा रही थी दो-तीन दिनों से बैठक बेनतीजा चल रही थी किन्तु आज की बैठक में एक और नया नाम उछल कर सामने आ गया, अब नाम भी ऐसा कि कोई विरोध नहीं कर पा रहा था साथ ही साथ लाजिक भी सही था ...

... विरोध करे भी तो कोई कैसे करे, सबका दाना-पानी जो बंधा था उस नाम के साथ, नाम था प्रदेश के सबसे बड़े शराब ठेकेदार - बाटली सिंह का ... जिसको भी - जब भी, गाडी, घोड़ा, चन्दा, विज्ञापन बगैरह बगैरह की जरुरत पड़ती थी तो वहीं से पूरी होती थी इसलिए कोई विरोध भी नहीं कर पा रहा था ... नाम के साथ तर्क भी सही था कि वे "श्रेष्ठ समाजसेवी " क्यों हैं तर्क ये था कि आज की तारीख में वे ही सबसे बड़े समाजसेवी हैं क्योंकि वे शहर-शहर, गाँव-गाँव, गली-कूचे सभी जगह समाजसेवा में मस्त व व्यस्त रहते हैं, उन्हें एक-एक आदमी की जरुरत ... विदेशी, देशी, देहाती का ख्याल रहता है, और ये तो कुछ भी नहीं वे रात-दिन चौबीसों घंटे सेवा में तत्पर भी रहते हैं ...

... पूरे प्रदेश में कोई दूसरा नाम नहीं था जो उनसे ज्यादा समाज सेवा कर रहा हो, जायज था बाटली सिंह का नाम उछलना ... समीति के सारे सदस्य बाटली सिंह का नाम सुनकर मूकबधिर से हो गए थे बैठक का नतीजा फिर सिफर रहा ... समय गुजरता जा रहा था और धीरे धीरे बात मंत्रिमंडल तक पहुँच गई, दो दिन बाद ही पुरूस्कार का वितरण किया जाना था मंत्रिमंडल में भी बाटली सिंह का नाम सुनकर सन्नाटा-सा छा गया, पूरा मंत्रिमंडल प्रदेश के मुखिया सहित चिंतित ... चिंतित इसलिए कि तर्क सही थे पर किसी शराब ठेकेदार को पुरूस्कार देना बदनामी की बात थी, पर किसी हकदार को उसके हक़ से वंचित भी नहीं कर सकते थे ...

... यह बात बाटली सिंह के कानों तक भी पहुँच गई थी कि वह ही पुरूस्कार प्राप्त करने का असली हकदार है और उसके नाम के साथ छेड़छाड़ का प्रयास चल रहा है इसलिए वह भी पल पल की जानकारी पर नजर रखे हुआ था, वह यह भी भली-भाँती जानता था कि बिना तर्क के उसका नाम काटा नहीं जा सकता था क्योंकि चयन समीति के सदस्यों को भी उसने एक्टिव कर रखा था ... लगभग तय सा ही था बाटली सिंह का नाम "श्रेष्ठ समाजसेवी " पुरूस्कार के लिए ...

... प्रदेश के मुखिया के माथे पर चिंता की लकीरें देख पी.ए.ने कहा - साहब आप इस मुद्दे पर आपके कवि मित्र से सलाह क्यों नहीं ले लेते ... अरे हाँ सही कहा, गाडी भेजकर बुलवाओ उन्हें, नहीं नहीं, गाडी लगवाओ हम खुद ही चलते हैं उनके पास ... मेल-मुलाक़ात, चर्चा-परिचर्चा के बाद कविवर मित्र के सलाह अनुसार ... मंत्रिमंडल व चयन समीति के सदस्यों की बैठक दो घंटे के बाद आयोजित की गई जिसमे कवि महोदय प्रदेश के मुखिया के प्रतिनीधि बतौर शामिल हुए ...

... सभी तर्क-वितर्क सुनने के बाद कवि महोदय ने प्रश्न खडा किया कि ये बताओ - क्या बाटली सिंह कानूनीरूप से रात-दिन चौबीसों घंटे बिना प्रशासनिक मौन स्वीकृति के समाज सेवा, जिसे आप लोग समाजसेवा समझ रहे हो, धड़ल्ले से कर सकता है ? ... चारों तरफ से एक ही उत्तर ... नहीं ... नहीं ... नहीं ... ... अब भला जो काम प्रशासनिक मौन स्वीकृति पर चल रहा है उस काम का श्रेय बाटली सिंह को कैसे दिया जा सकता है ? ... जी बिलकुल नहीं दिया जा सकता ... लेकिन इतनी बड़ी समाजसेवा का काम, वो भी रात-दिन, चौबीसों घंटे, गाँव-गाँव, शहर-शहर, गली-मोहल्ले, चप्पे-चप्पे पे चल रहा है क्यों न इस समाज सेवा के लिए ही किसी को पुरुस्कृत किया जाए ... चारों ओर से आवाज निकली पर किसे ??? ... अब इसमें सोचने वाली क्या बात है इतने बड़े काम का श्रेय नि:संदेह प्रदेश के मुखिया को मिलना चाहिए !!!

Tuesday, September 7, 2010

भईय्या ... पत्रकार और साहित्यकार दोनों में बड़ा कौन होता है ?

भईय्या एक प्रश्न कुछ दिनों से दिमाग में कुलबुला रहा है ... मतलब आज तू फिर कोई झमेला खडा करने का मन बना के आया है ... नहीं भईय्या, आप तो जानते हो मेरे पास जब कोई समस्या आती है तो मैं उसके समाधान के लिए आप के पास ही आता हूँ ... चल चल वो सब तो ठीक है, बता क्या समस्या आ गई ...

... (सिर खुजाते हुए) भईय्या ये बताओ पत्रकार और साहित्यकार दोनों में बड़ा कौन होता है ? ... मतलब आज तू ये तय करके आया है की आज से तू मेरा कबाड़ा करवा के ही रहेगा ... क्यों भईय्या ऐसा क्यों बोल रहे हो ! ... अब तू तो जानता है मैं ठहरा अदना-सा लेखक, कभी-कभार छोटी-मोटी कविता-कहानी लिख लेता हूँ, और तू पत्रकारों और साहित्यकारों के बारे में तुलनात्मक प्रश्न पूछेगा तो उत्तर मैं कहाँ से दे पाऊंगा, अगर तुझे पूछना ही है तो किसी स्थापित साहित्यकार या पत्रकार के पास जा, वह ही इस प्रश्न का सकारात्मक उत्तर दे पायेंगे ...

... भईय्या आप टालने की कोशिश कर रहे हैं ... टालने की कोशिश नहीं कर रहा, सही कह रहा हूँ, इस प्रश्न का उत्तर मेरे पास नहीं मिल पायेगा ... नहीं भईय्या मुझे पता है आप "कडुवा सच" लिखते हैं, आप के पास इस प्रश्न का उत्तर जरुर होगा और सटीक ही होगा ... चल एक काम कर, तू तीन पत्रकार और तीन साहित्यकार के साथ एक-एक दिन गुजार व उनके सुख-दुख को महसूस कर, साथ ही साथ एक दिन तू खुद दोनों के बारे में एनालिसिस करना, फिर मेरे पास आना ... ठीक है भईय्या, मैं आता हूँ ...

... एक सप्ताह के बाद ... भईय्या जैसा आपने कहा वैसा कर के आ गया हूँ ... ठीक है, अब तू मेरे चंद सवालों के जवाब अपने अनुभव के आधार पर देना ... ठीक है भईय्या ... ये बता दोनों में जलवा ज्यादा किसका है ? ... निसंदेह पत्रकारों का, सारे अधिकारी-कर्मचारी, नेता-अभिनेता उनको सम्मान देते हैं, चाय-पानी, दारू-मुर्गा, गाडी-घोड़ा बगैरह, फरमाईस के हिसाब से पूरा कर देते हैं, और कुछ तो नगद-नारायण भी दे देते हैं, क्या जलवा है भईय्या मानना पडेगा ...

... अब ये बता सच्चे दिल से सम्मान के पात्र कौन हैं ? ... (थोड़ी देर सोचने के बाद) भईय्या नि:संदेह साहित्यकार, मैंने देखा की उनको लोग अंतरआत्मा से मान-सम्मान देते हैं, कुछ लोग तो उनको पूजते भी हैं ... वहीं दूसरी ओर पत्रकारों को कुछ लोग हीन भावना से देखते हैं, एक साहब ने तो एक पत्रकार को अदब से बैठाया, खिलाया-पिलाया और नगद नारायण रूपी चन्दा भी दिया, पर उसके जाने के बाद ही उसके मुंह से आह जैसी निकली, मुझे बड़ा अजीब-सा लगा ...

... अच्छा अब ये बता दोनों में हुनर किसके पास ज्यादा है ? ... भईय्या अब हुनर का तो ऐसा है कि 'हुनर' तो दोनों के पास है, दोनों ही कलम के जादूगर हैं, पर ... पर क्या, बता खुल के संकोच मत कर ... संकोच नहीं कर रहा भईय्या, सोच रहा था, ऐसा मेरा मानना है कि 'हुनर' के मामले में साहित्यकार बीस (२०) तो पत्रकार सत्रह (१७) ही पड़ते हैं, साहित्यकार अनेक विधाओं में लिखने का माद्दा रखते हैं तो पत्रकार एक विधा में माहिर होते हैं, पर ओवरआल एक बात तो है पत्रकारों का जलवा ही कुछ और है ...

... लगता है तूने कुछ ज्यादा ही जलवा देख लिया है, अब ये बता कि यदि तेरे सामने पत्रकार या साहित्यकार बनने का विकल्प रखा जाए तो तू क्या बनना चाहेगा ? ... भईय्या आप नाराज मत होना, मैं तो पत्रकार ही बनना पसंद करूंगा ... मिल गया तुझे तेरे प्रश्न का उत्तर कि दोनों में बड़ा कौन है !... (सिर खुजाते हुए) नहीं भईय्या, आप तो मुझे ही मेरी बातों में उलझा दिए, ये मेरे प्रश्न का उत्तर नहीं है, उत्तर तो आपको देना पडेगा ...

... मतलब तय कर के ही आया है कि आज तू मुझे पत्रकारों व साहित्यकारों से भिडवा के ही दम लेगा, चल एक बात और बता, दोनों को लिखने अर्थात कलम घसीटी के बदले में आर्थिक रूप से क्या मिलता है ? ... सीधा सा उत्तर है पत्रकारों को सेलरी मिलती है साथ ही साथ वो जलवा अलग है जो मैं अभी बता चुका हूँ , वहीं दूसरी ओर साहित्यकारों को लिखने के ऐवज में "ठन ठन गोपाल" ... अब तो समझ गया कि बड़ा कौन है !... नहीं भईय्या, आप फिर से उत्तर मेरे ही सिर पे मढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, ये सब तो सामान्य बातें हैं सभी जानते-समझते हैं, ये मेरे प्रश्न का उत्तर नहीं है ...

... नहीं बताना है तो मत बताओ, मैं चला जाता हूँ होगा यही कि आपके दर से आज मैं निरुत्तर चला गया ... अरे सुन, उदास मत हो, चल आख़िरी सवाल - ये बता तू व्यापारी आदमी है यदि तू दोनों को खरीदने निकले तो किसे खरीद सकता है अर्थात बिकने के लिए कौन तैयार खडा है ? ... ( पंद्रह मिनट सिर खुजाते बैठा सोचता रहा, फिर उठा और उठकर सीधा भईय्या के पैर छूते हुए ) प्रणाम भईय्या, मुझे मेरे प्रश्न का उत्तर मिल गया, धन्य हैं आप और आपका "कडुवा सच" ... मैं सत सत नमन करता हूँ !!!

खफा-बफा

....................................................

खफा रहना, बेवफाई का सबब कैसे है
खफा होने की बजह, बफा भी हो सकती है ।

...................................................